फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली विधानसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित, आवारा पशुओं की समस्या निस्तारण के लिए कमेटी का गठन

Mon, 03 Jan 2022 06:40 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली विधानसभा ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है। दिल्ली में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा। एक माह में यह समिति सदन के पटल पर रिपोर्ट रखेगी।
विज्ञापन
दिल्ली विधानसभा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान का मामला विधानसभा में जोर-शोर से उठा। इस पर कमेटी गठित करने के प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। प्रस्तावित कमेटी एक महीने में सदन पटल पर रिपोर्ट रखेगी। कमेटी सुझाएगी कि आवारा पशुओं से कैसे छुटकारा मिले।
विज्ञापन


नेता प्रतिपक्ष रमेश बिधूड़ी ने दिल्ली में गोशालाओं की बुरी हालत के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना व साहिब सिंह वर्मा के कार्यकाल में दिल्ली में छह गोशालाओं को सैकड़ों एकड़ जमीन दी गई थी। उन्होंने पूछा कि आप सरकार बताए कि उसने दिल्ली में कितनी गोशालाओं के लिए जमीन दी है जबकि उसके पास पंचायत की हजारों एकड़ जमीन है।

जल्द जारी होगी वृद्धावस्था पेंशन
वृद्धावस्था पेंशन का इंतजार कर रहे बुजुर्गों के लिए दिल्ली सरकार जल्द पेंशन जारी करेगी। समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने सदन में विधायकों की मांग पर कहा कि सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के बुजुर्गों की सूची दें। शालीमार बाग की विधायक वंदना कुमार ने यह मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने कहा पांच साल से वृद्धावस्था पेंशन नहीं बन रही है। विधायक नरेश बालियान, प्रमिला टोकस ने भी बुजुर्गों की समस्या से सदन को अवगत किया।
विज्ञापन


इस पर गौतम ने कुछ ही महीनों में पेंशन जारी करने का आश्वासन सदन को दिया। विशेष उल्लेख के दौरान भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने करावल नगर में बिजली तारों को भूमिगत करने, सोमनाथ भारती ने सड़कों पर साइनेज बोर्ड, सुरक्षा प्रबंध करने व दिल्ली से बाहर सड़क सुरक्षा के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखने की मांग की। त्रिलोकपुरी से विधायक रोहित कुमार ने इलाके की बदहाल सड़कों को जल्द बनवाने का मुद्दा उठाया। भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने बदहाल परिवहन व्यवस्था को सुधारने का पक्ष रखा। विशेष रवि ने एससी-एसटी व ओबीसी जाति प्रमाण पत्र के आवेदन खारिज होने का मामला उठाया, जिसे स्पीकर राम निवास गोयल ने एससी-एसटी कमीशन को भेज दिया।

भ्रष्टाचार के एक मामले को विशेषाधिकार समिति को सौंपा

विधानसभा में भ्रष्टाचार के मामले में सतर्कता विभाग को कटघरे में खड़ा किया गया। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने भ्रष्टाचार के मामलों में सतर्कता विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से जुड़े एक सवाल का जवाब नहीं देने से संबंधित मामले को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को सौंप दिया। इस मामले को विधायक सोमनाथ भारती ने उठाया।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कर्तव्य में लापरवाही जैसे सतर्कता मामलों के विभाग वार ब्यौरे से संबंधित सवाल पूछा गया था। भारती ने बताया कि दिल्ली सरकार के सतर्कता विभाग ने उपराज्यपाल कार्यालय के एक पुराने आदेश का हवाला देते हुए सवाल का जवाब देने से इंकार किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने मामले का संज्ञान लेते हुए सदन की विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा (संशोधन) विधेयक पारित होने का स्वागत
डीएसजीएमसी महासचिव हरमीत सिंह कालका ने दमदमा साहिब को पांचवें तख्त के रूप में शामिल करने का स्वागत करते कहा कि संगत द्वारा इसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी और वह स्वयं इस मामले में केन्द्रीय ग्रह सचिव को भी मिले थे तथा दिल्ली सरकार को भी पत्र लिखा था। मंजूरी मिलने के बाद सिखों के पांचवें तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार भी कमेटी के जनरल हाउस के सदस्य बन सकेंगे।

इसके साथ ही दिल्ली कमेटी में नामांकित किए जाने वाले सदस्यों की संख्या 9 से बढ़कर 10 हो जाएगी। अभी तक चार तख्तों के जत्थेदार ही कमेटी के जनरल हाउस के सदस्य नामजद होते थे। उधर, जागो पार्टी के प्रधान मनजीत सिंह जीके ने कहा है तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो को पांचवें तख्त के तौर पर सम्मिलित करने के प्रयास में कामयाबी मिली है।
विज्ञापन

सिर्फ एक विधायक ने करवाई कोविड जांच

कोविड संक्रमण के बीच विधानसभा में जांच के लिए खास इंतजाम किया गया था। इसके  लिए बाकायदा एक हॉल में जांच टीम बैठी थी, लेकिन जांच कराने वालों की संख्या सदन शुरू होने के बाद भी दो डिजिट का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। महज एक माननीय ने कोविड जांच करवा कर सदन में प्रवेश किया। सुबह दस बजे से ही माननीयों के साथ आगंतुकों व मीडिया का जमावड़ा लग गया था। कोविड संक्रमण को लेकर जांच के लिए चार सदस्यों को भी तैनात किया गया था, लेकिन यह केंद्र सूना रहा। सुबह 11:40 बजे तक महज 8 लोगों ने कोविड जांच करवाई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें