कोरोना के बढ़ते हुए मामलों के बीच दिल्ली एक सप्ताह के भीतर ग्रेडेड एक्शन रिस्पांस प्लान (ग्रैप) के मानकों के हिसाब से येलो से रेड हो गई है। सोमवार को राजधानी में संक्रमण दर 6.46 फीसदी तक पहुंच गई है। वहीं, 24 घंटों में संक्रमण के नए मामलों की संख्या 3194 से 4099 हो गई है। लगातार तीसरे दिन संक्रमण के चलते एक मरीज की मौत हुई है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन और ग्रैप के नियमों के अनुसार पांच फीसदी से अधिक कोरोना संक्रमण दर होने पर स्थिति जोखिम वाली होती है। इसमें तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधों को लागू करना अनिवार्य होता है। ग्रैप के तहत दो दिन लगातार पांच फीसदी से अधिक संक्रमण दर होने पर रेड अलर्ट घोषित होना चाहिए, जिसके तहत पूरी तरह से लॉकडाउन लगने की सिफारिश की जाती है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 63,477 सैंपल की जांच हुई है। इनमें 6.46 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 4099 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं, 1509 मरीजों को छुट्टी दी गई। इस दौरान एक मौत दर्ज हुई है।
इसी के साथ ही कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,58,220 तक पहुंच गई है जिनमें 14,22,124 मरीज ठीक हुए हैं लेकिन 25100 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। विभाग ने बताया कि राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 10 हजार पार हुई है।