रणहौला इलाके में एक शख्स की गला रेतकर हत्या कर दी। उसका शव मकान की पहली मंजिल पर एक कमरे से मिला। जिसे मृतक ने किराए पर दिया था। घटना के बाद से सभी किराएदार फरार हैं। मृतक की बहन ने प्रॉपर्टी विवाद को लेकर कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। रणहौला थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
मृतक की शिनाख्त पवन(40) के रूप में हुई है। शुक्रवार देर रात पवन की बहन पीरागढ़ी गांव निवासी ममता ने पुलिस को फोन कर भाई की हत्या किए जाने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस रणहौला स्थित उक्त मकान पर पहुंची। जहां पहली मंजिल पर एक कमरे में बिस्तर पर पवन का शव मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस छानबीन करने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
ममता ने बताया कि 26 नवंबर को वह सुबह से अपने भाई को फोन कर रही थी। लेकिन उसका फोन बंद था। वह अपने मायके पहुंची। जहां घर बंद था। वह अपने भाई के रणहौला स्थित दूसरे मकान पर पहुंची। जिसे उसने कई परिवारों को किराए पर दे रखा था। उसने देखा कि सभी किराएदार के कमरे बंद हैं। वह पहली मंजिल पर पहुंची। वहां का कमरा भी बंद था।
लेकिन खिड़की से झांकने पर पता चला कि कमरे के बिस्तर पर कोई व्यक्ति सो रहा है। ममता ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा का लॉक तोड़कर अंदर गई। जहां बिस्तर पर पवन का शव पड़ा था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। ममता ने अजय, बबलू और उसके साथियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपियों का पवन से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।