रिसोर्ट में चल रहे अवैध कसीनो का पर्दाफाश
पांच महिलाओं समेत 51 लोग गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जीटी करनाल रोड, अलीपुर स्थित एक रिसोर्ट में चल रहे अवैध कसीनो का पर्दाफाश कर पांच महिलाओं समेत 51 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिसोर्ट से भारी मात्रा में विदेशी शराब, 49 लाख रुपये, 5.42 लाख रुपये के टोकन, बरामद किए गए हैं।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन के अनुसार, 24 जनवरी को सूचना मिली कि जीटी करनाल रोड पर स्थित ले कास्टल मिकासा रिसोर्ट में बड़े पैमाने पर जुआ चल रहा है। डीसीपी डा. जॉय टिर्की, एसीपी अनिल डुरेजा व अरविंद यादव की देखरेख में कई टीमें बनाई गईं। इन्होंने 24 व 25 जनवरी की रात रिसोर्ट में दबिश दी और कसीनो में जुआ खेलते 51 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें पांच महिलाएं हैं। ये टोकन पहुंचाने व खाने का सामान परोसने का काम करती थीं। यहां अवैध रूप से विदेशी शराब परोसी जा रही थी। डीजे पर डांस भी हो रहा था। इस बाबत अपराध शाखा में दो मामले दर्ज किए हैं।
मालिकों ने कसीनो चलाने के लिए प्रशिक्षित सेक्टर-दो, रोहिणी दिल्ली निवासी लव वशिष्ठ को रखा हुआ था। लव इससे पहले गोवा में कसीनो में काम कर चुका है। वह श्रीलंका आदि देशों के लिए कैसीनो टूर अरेंज करता था। कसीनो कई महीने से चल रहा था। आयोजक कसीनो की जगह-जगह बदलते रहते थे। रिसोर्ट में एक विशेष दिन ही कसीनो चलाया जाता था। नए वर्ष के मौके पर भी गन्नौर व सोनीपत, हरियाणा स्थित फार्महाउस में कैसीनो खेला गया था। आयोजकों की पहचान मुकेश कुमार, संजय अग्रवाल, देवराज, अजय और लव वशिष्ठ के रूप में हुई। मालिक अशोक गुप्ता ने अजय जैन व उसके साथियों को रिसोर्ट 15.75 लाख रुपये प्रतिमाह की लीज पर दे रखा था।