कारोबारी की आंख में मिर्च
पाउडर डाल लाखों की लूट
- दुकान से घर लौटने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने की वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मोती नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी और उसके दोस्त की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लाखों रुपये से भरा बैग लूट लिया। शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुुलिस के अनुसार, नवीन (35) सपरिवार पश्चिम विहार इलाके में रहते हैं। मोबाइल का कारोबार करने वाले नवीन की करोल बाग में दुकान है। शुक्रवार रात नवीन दुकान बंद करने के बाद बैग में तीन लाख रुपये रखकर अपने दोस्त रोहित के साथ घर लौट रहे थे। बाइक नवीन चला रहे थे। जखीरा फ्लाईओवर पर पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक बदमाश ने बैग देने के लिए कहा। आनाकानी करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। इस बीच, दूसरे बदमाश ने नवीन और उनके दोस्त की आंखों में मिर्च का पाउडर फेंक दिया। बदमाशों ने दोनों को लात मारकर नीचे गिरा दिया। जब तक दोनों संभलते बदमाश नवीन का बैग खींचकर फरार हो गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।