फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona in Delhi: कोरोना नियमों की अवहेलना करने पर सीलमपुर बाजार को दो दिन बंद करने का आदेश

Thu, 30 Dec 2021 10:15 PM IST
अनुराग सक्सेना अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

दिल्ली में यलो अलर्ट के बावजूद लोग लापरवाही दिखा रहे हैं। मेट्रो में 50 फीसद यात्रियों को मंजूरी के बावजूद मेट्रो स्टेशनों के बाहर और मेट्रो के अंदर भीड़ देखी गई। 
विज्ञापन
दिल्ली में भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सख्ती के लिए दिल्ली में बेशक ग्रेप के तहत यलो अलर्ट जारी है, लेकिन धरातल पर इसकी सख्ताई को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। बृहस्पतिवार को इसकी बानगी मेट्रो से लेकर बाजारों में देखने को मिली। मेट्रो में सफर के दौरान शारीरिक दूरी के नाम पर लोग के बीच दूरी एक मीटर से भी कम रही वहीं, बाजारों में लोग एक दूसरे से सटे हुए नजर आए। उधर, सरकार ने सख्ती दिखाते हुए सीलमपुर बाजार में दुकानों का चालान करने के साथ मार्केट को दो दिनों के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है।

मेट्रो स्टेशनों के बाहर लंबी कतारें व अंदर नियमों की अनदेखी

बृहस्पतिवार की सुबह मेट्रो स्टेशन के बाहर यात्रा को लेकर यात्रियों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं, मेट्रों में प्रवेश करने की जल्दी में लोग शारीरिक दूरी का पालन करना भूल गए थे। लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर लगातार दूसरे दिन भी लंबी कतार लगी रही। इसी तरह की स्थिति अमूमन सभी मेट्रो स्टेशनों के बाहर देखने को मिली। शाम को पीक आवर में घर लौटने के लिए लोग लंबी कतारों में लगे रहे। इस बीच मेट्रों स्टेशन में प्रवेश के लिए धक्कामुक्की व बहस भी देखी गई।

विज्ञापन


वहीं, मेट्रों में प्रवेश मिलते ही कोरोना नियमों को लेकर लापरवाही देखी गई। एक सीट छोड़कर बैठने के बजाय लोग एक साथ सभी सीटों पर बैठे नजर आए। कुछ लोगों ने मास्क को भी ठीक तरह से नहीं लगाया हुआ था। हालांकि, मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि कोरोना नियमों को लेकर विभाग सतर्क है। इसे लेकर टीमों का गठन किया गया है जो मेट्रो में गश्त करने के साथ चालान भी कर रही है।

बसों पर सवारी के लिए दिन भर स्टाप पर भीड़, दौड़ लगाते दिखे यात्री

केंद्रीय सचिवालय बस स्टाप पर दोपहर 12 बजे करीब 20 यात्री खड़े थे। उनको इंतजार बस का था। उनके रूट की बस आई, लेकिन बस की सीटों पर 50 प्रतिशत यात्री बैठे हुए थे। इस कारण चालकों ने सीट नहीं होने का संकेत देते हुए बसें नहीं रोकी। इस तरह यात्री स्वयं को ठगा सा महसूस करते हुए बस को गुजरते हुए देखते रहे। जबकि बसें रूकने पर कुछ यात्री दौड़ भी लगाते, लेकिन चालक व परिचालक उनको बस पर सवाल होने की इजाजत ही नहीं देते।

गोलडाकखाना बस स्टाप पर भी यही आलम दिखा। दोपहर करीब एक बजे स्टाप पर 30-35 यात्री मौजूद थे। उनके गंतव्य के रूट की बसें यात्री उतारने के लिए रुकीं, बस रुकते ही यात्री बस में चढ़ने के लिए दौड़ने लगे, मगर चालकों ने उतने ही यात्री बस में चढ़ाए जितने यात्री बसों से उतरे। इस कारण यात्रियों को अपने रूट की बस में सफर करने के लिए करीब आधा घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

सदर बाजार में टूटे कोरोना के नियम

सरकार के आदेश के बाद बृहस्पतिवार को सदर बाजार में कोरोना नियमों को अनदेखी पाई गई। आदेश के मुताबिक, दुकानों को सम-विषम फॉर्मूले के आधार पर खोला गया था। हालांकि, दुकानें कम खुलने के बाद भी लोगों की भीड़ कम नहीं हुई। दुकानों के बाहर से लेकर अंदर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। खरीददारी को लेकर रात तक बाजार में भीड़ जुटी रही। कुछ दुकानदारों ने मास्क को लेकर सख्ती दिखाई। इस दौरान जिन ग्राहकों ने मास्क नहीं लगाया हुआ था उन्हें मास्क लगाने के बाद ही सामान दिया गया।

दुकानदारों का कहना था कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए दुकानदार प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों में लोगों को प्रवेश देने से रोकने के लिए मनाही की है। कुछ दुकानदारों ने सैनिटाइज करने के साथ-साथ तापमान मापने के लिए भी थर्मामीटर का इंतजाम किया हुआ है।

सिर्फ 10 फीसदी क्षमता के साथ चल रही मेट्रो

मेट्रो स्टेशनों के बाहर लग रही भीड़ पर दिल्ली मेट्रो प्रशासन का कहना है कि कोविड ग्रेप में दिल्ली मेट्रो आम दिनों की तुलना में सिर्फ 10 फीसदी क्षमता के साथ चल रही है। मेट्रो के मुताबिक, सामान्य दिनों में हर कोच में 50 यात्री बैठकर व 250 यात्री खड़े होकर सफर करते हैं, जबकि इस समय ग्रेप नियमों से सिर्फ 25 यात्रियों को बैठकर एक कोच में यात्रा करने की अनुमति है। आठ कोच की मेट्रो में सिर्फ 200 यात्री इस वक्त सवार हो रहे हैं। यह पूरी क्षमता का सिर्फ 10 फीसदी है। मेट्रो की अपील है कि जरूरी होने पर ही मेट्रो की यात्रा करें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
विज्ञापन

31 दिसंबर को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन रात नौ बजे से बंद

नए साल को देखते हुए राजीव चौक मेट्रो स्टेशन का निकासी गेट रात नौ बजे के बाद बंद कर दिया जाएगा। यह फैसला कनॉट प्लेस में नए साल के जश्न को लेकर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए लिया गया है। हालांकि, प्रवेश को लेकर कोई पाबंदी नहीं है। 

सीलमपुर बाजार दो दिन के लिए बंद

कोरोना नियमों की अवहेलना करने पर बृहस्पतिवार को उत्तर-पूर्वी जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। शिकायत मिलने पर प्रशासन ने मौके का मुआयना कर बाजार को दो दिनों तक बंद करने का आदेश दिया है। साथ ही मार्केट एसोसिएशन को सलाह दी गई है कि बाजार खुलने पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना होगा, नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें