राजधानी में हर सप्ताह कोरोना के मामलों में तेजी से कमी आती जा रही है। साथ ही संक्रमण दर भी लगातार कम हो रही है। पिछले एक सप्ताह में करोना के 341 मामले सामने आए हैं। संक्रमण दर भी 0.10 फीसदी से कम बनी हुई है।इस साल सात दिनों में यह संक्रमितों की अबतक की सबसे कम संख्या है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम हो रहे मामले अच्छा संकेत हैं, हालांकि वायरस में लगातार बदलाव भी हो रहा है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है।
दिल्ली में मार्च के आखिरी सप्ताह से संक्रमित तेजी से बढ़ने लगे थे। दूसरे सप्ताह आते- आते रोजाना औसतन 16 हजार मरीज मिल रहे थे, और इसके मुकाबले केवल 11 हजार लोग स्वस्थ हो रहे थे। तीसरे सप्ताह में रोजाना आ रहे मरीजों का आंकड़ा 26 हजार के पार पहुंच गया। 20 अप्रैल को एक ही दिन में 28,375 लोग संक्रमित मिले थे। मई तक हालातों में खास बदलाव नहीं आया था, लेकिन जून से दूसरी लहर धीमी पड़ने लगी और अब मामले लगातार घट रहे हैं और पिछले एक सप्ताह में कोरोना के सिर्फ 341 मरीज सामने आए हैं।
इससे पहले 10 से 16 जुलाई के बीच 457 मामले और 12 मौते हुई थी। वही, 3 से 09 जुलाई के बीच 537 लोग संक्रमित मिले थे और 14 ने जान गंवाई थी।लिहाजा हर सप्ताह मामले कम होते जा रहे हैं। मूलचंद अस्पताल के डॉक्टर सचिन अंबेकर का कहना है कि मामले इसलिए कम हो रहे हैं क्योंकि दिल्ली में लोगों में संक्रमण के खिलाफ एंटीबॉडी बनी हुई है। इससे कोरोना का प्रसार नहीं हो रहा है। लेकिन चिंता की बात यह है कि वायरस में लगातार बदलाव हो रहा है। ऐसे में सतर्क रहते हुए कोरोना के सभी नियमों का सख्ती से पालन करने की जरूरत है।
सात दिन 18 मौतें
पिछले सात दिन में 18 लोगों ने संक्रमण से जान गंवाई है।संक्रमितों की तुलना में मौत के मामले काफी ज्यादा है। पिछले सात दिन की मृत्युदर 10 फीसदी से ज्यादा है।
पिछले एक सप्ताह से स्थिति
तारीख- दैनिक मामले- मौतें
23 जुलाई- 58-01
22-49-01
21-44-05
20-44-05
19-36-03
18 -51-00
17-59-04
--
नोट- आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं