दिल्ली में कोरोना की जांच बढ़ने से संक्रमित रोगी भी बढ़ गए हैं। जबकि संक्रमण दर करीब एक फीसदी की गिरावट आई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 6028 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 9127 मरीजों को छुट्टी दी गई लेकिन 31 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। सोमवार को भी संक्रमण से 30 मरीजों की मौत हुई थी।
विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 57132 नमूनों की जांच की गई थी जिनमें 10.55 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। सोमवार को 48844 नमूनों की जांच में 11.79 फीसदी संक्रमित मिले थे। फिलहाल राजधानी में कोरोना संक्रमित रोगियों की संख्या 18 लाख पार हुई है।
दो मार्च 2020 को राजधानी में पहला संक्रमित रोगी मिला था। तब से लेकर अब तक 18,03,499 लोग संक्रमित हुए जिनमें 17,35,808 ठीक भी हुए लेकिन 25681 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है।
दिल्ली में अभी भी 42010 संक्रमित रोगी उपचाराधीन हैं। इनमें से 33602 रोगी अपने अपने घरों में आइसोलेट हैं। वहीं 195 मरीजों का उपचार कोविड निगरानी केंद्र और 26 रोगी कोविड स्वास्थ्य केंद्र में हैं। इनके अलावा अस्पतालों में 2304 कोरोना संक्रमित मरीज हैं जिनमें से 162 रोगी वेंटिलेटर पर हैं। वहीं 760 मरीजों को ऑक्सीजन थैरेपी दी जा रही है। इनके अलावा 817 मरीजों का उपचार आईसीयू में चल रहा है।