ज्ञानवापी मंदिर के सर्वे के दौरान शुरू हुआ शिवलिंग का मुद्दा इन दिनों देश भर में चर्चा का विषय है। कुछ लोग इसपर प्रतिक्रिया दे रहे हैं तो कुछ सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाते हुए दूसरों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर ट्विटर पर इन दिनों साझा की जा रही है, जिसे देखकर मंगलवार को भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा का गुस्सा फूट पड़ा।
दरअसल, पीस पार्टी के प्रवक्ता शादाब चौहान ने अपने ट्विटर हैंडल से सड़क के किनारे लगे मोटे और ऊपर से गोलाकार पिलरों की तस्वीर शेयर की थी। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि यदि कोई इन पिलरों के शिवलिंग होने का दावा करे तो जज साहब इस इलाके को भी सील करा सकते हैं।
शादाब चौहान की इस तस्वीर और उसके साथ लिखे कैप्शन को देखकर दिल्ली भाजपा नेता तजिंदर बग्गा भड़क उठे। उन्होंने इसपर दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि इन्होंने शिवलिंग का मजाक बनाया है और इन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
बग्गा के इस ट्वीट पर शादाब चौहान ने प्रतिक्रिया भी दी और लिखा कि लोगों को मूर्ख बनाने की कोशिश मत करो क्योंकि मैं पहले ही अपना स्टैंड स्पष्ट कर चुका हूं और मैं निचली अदालत से असहमत हो सकता हूं। यह मेरा मौलिक अधिकार है।