उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में दिवाली के दिन बिरयानी की दुकान खोलने को लेकर युवक से बदसलूकी का एक वीडियो वायरल हो गया। खुद को कथित रूप से बजरंग दल का सदस्य बता रहे युवक ने दुकानदार से जमकर गाली-गलौज कर उसकी दुकान बंद करवा दी।
मामले को तूल देने की नीयत से आरोपी ने खुद ही इसकी वीडियो बनाकर वायरल भी कर दी। शुक्रवार को जैसे ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की संज्ञान में वीडियो आया तो उन्होंने इसकी जांच करवाई। दुकानदार की पहचान कर उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला दर्ज कर लिया है। बदसलूकी करने वाले युवक की तलाश की जा रही है।
माना जा रहा है कि आरोपी उत्तरी दिल्ली का नहीं किसी दूसरे इलाके का रहने वाला है। बुराड़ी थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान कर गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। उत्तरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। वीडियो बुराड़ी के संतनगर मार्केट का बताया जा रहा था। वीडियो में एक युवक इलाके में बिरयानी की दुकान पर बैठे तीन युवकों को धमकाता हुआ दिख रहा है।
वीडियो में खुद को बजरंग दल का बताने वाला युवक दिवाली पर बिरयानी की दुकान खोलकर धर्म भ्रष्ट करने की बात कर रहा है। इसी वीडियो में आरोपी भीड़ को उकसाने का भी काम करता है, लेकिन दुकानदार ने गाली-गलौज के बाद तुरंत दुकान बंद कर दी। करीब 2.50 मिनट के वीडियो में आरोपी अंत में खुद को बजरंग दल का सदस्य बताता हुआ अपना नाम नरेश कुमार सुर्यवंशी बता रहा है।
वीडियो का पता चलते ही फौरन एक टीम बनाकर दुकानदार की पहचान की गई। वहां पहुंचकर आसपास के लोगों व दुकानदार से पूछताछ के बाद घटना की पुष्टि की गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वत संज्ञान लेते हुए धार्मिक भावनाओं को आहत कर शांति भंग करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।