फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

असिस्टेंट प्रोफेसर की पत्नी की गला घोंटने के बाद करंट लगाकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में दिल्ली विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर की पत्नी पिंकी (32) की गला घोंटने के बाद करंट लगाकर हत्या कर दी गई। आरोप पिंकी के रिश्ते के देवर राकेश (32) पर लगा है। पिंकी की 9 माह पूर्व ही शादी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी शराब के नशे में धुत होकर खुद ही थाने पहुंच गया। वहां उसने हत्या की बात कबूल की। वहीं पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने आरोपी को संदिग्ध हालात में घूमता हुआ पकड़ने की बात की है। पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम भी जांच कर रहे हैं। वहीं पिंकी के परिजनों ने हत्या में उसके पति वीरेंद्र कुमार के शामिल होने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंग कलसी ने बताया कि पिंकी परिवार के साथ बुराड़ी के वेस्ट संत नगर में चौथी मंजिल के फ्लैट में रहती थी। 16 फरवरी 2021 को उसकी शादी वीरेंद्र कुमार से हुई थी। वीरेंद्र डीयू के एक कॉलेज में सहायक प्रोफेसर (एडहॉक) है। वीरेंद्र के साथ उसके बुजुर्ग माता-पिता भी रहते हैं। आरोपी राकेश वीरेंद्र का दूर का रिश्तेदार है। तीन साल पूर्व वीरेंद्र ने कार खरीदकर राकेश को चलाने के लिए दी थी। इससे राकेश का गुजारा चल रहा था, वहीं वीरेंद्र को भी अतिरिक्त आय हो रही थी। वीरेंद्र ने अपने फ्लैट की छत पर बना कमरा राकेश और उसकी पत्नी मीना को रहने के लिए दिया हुआ था, लेकिन वीरेंद्र की शादी के बाद हालात बदले। पिंकी को राकेश पसंद नहीं था। उसने दबाव बनाकर अगस्त में राकेश को घर से निकलवा दिया। राकेश संत नगर में ही दूसरी जगह घर किराये पर रहने लगा। वह बेरोजगार भी हो गया था। इसके बाद राकेश पिंकी से बदला लेने के लिए साजिश रचता रहा और सोमवार को हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।
वारदात के बाद संदिग्ध हालात में घूम रहा था
वारदात के बाद करीब 7 बजे राकेश बुराड़ी में पेप्सी रोड की 100 फुटा रोड के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा था। इस दौरान वहां गश्त कर रहे सिपाही ने राकेश को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान राकेश ने बताया कि उसने अपनी भाभी पिंकी की गला घोंटने के बाद करंट लगाकर हत्या कर दी है। सिपाही उसे थाने लाया। इसके बाद एक टीम वीरेंद्र के घर पहुंची। उस समय वीरेंद्र मां को लेकर अस्पताल गया था। घर में वीरेंद्र के पिता व अंदर बेड पर पिंकी का शव पड़ा था।
विज्ञापन

चार लाख रुपये हड़पकर कर दिया था बेरोजगार
पूछताछ में राकेश ने बताया कि वीरेंद्र की शादी से पहले सब कुछ ठीक चल रहा था। कैब चलाकर जो भी उसे आय होती थी। वह बचत के सारे रुपये वीरेंद्र के पास जमा करवाता था। फिलहाल करीब चार लाख रुपये वीरेंद्र के पास जमा हो चुके थे। पिंकी ने न सिर्फ राकेश से कार रखवा ली, बल्कि उसे घर से जाने का दबाव बनाकर जमा रुपये भी देने से इंकार कर दिया। वह बेरोजगार हो गया था। इस बात से राकेश काफी खफा था। कहीं न कहीं वीरेंद्र भी राकेश का समर्थन करता था।
मां ने पति और देवर केे खिलाफ दी थी शिकायत
पिंकी का मायका गाजियाबाद के छपरौला गांव में है। उसकी मां शीला देवी ने 6 अगस्त 2021 को बुराड़ी थाने में एक शिकायत वीरेंद्र और राकेश केे खिलाफ दी थी। आरोप लगाया था कि वीरेंद्र की राकेश की पत्नी से नजदीकियां हैं। इसका फायदा राकेश उठा रहा है। पिंकी ने जब इसका विरोध किया तो राकेश उसे मारने की फिराक में है। यदि भविष्य में पिंकी को कुछ होता है तो उसकी जिम्मेदारी वीरेंद्र व राकेश की होगी। शीला देवी का आरोप है कि पुलिस ने यदि इस पर कार्रवाई की होती तो शायद पिंकी आज जिंदा होती।
फिलहाल पति का हाथ होने की बात से पुलिस का इनकार
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल वारदात में पति वीरेंद्र का हाथ होने की बात सामने नहीं आ रही है। सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल की जा रही है। पुलिस वीरेंद्र व राकेश की कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी चेक कर रही है। वीरेंद्र से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पिंकी का शव परिवार के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें