दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं से अपील की है कि वे जब मंदिर या गुरुद्वारे जाएं तो उनके लिए प्रार्थना करें। रविवार को एक वीडियो संदेश जारी करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने पंजाब की सत्ता में आने पर 18 वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह देने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जब से उन्होंने यह घोषणा की है, अन्य राजनीतिक पार्टियों के लोग उन्हें गाली दे रहे हैं और यह सवाल पूछ रहे हैं कि जब पंजाब का खजाना खाली है तो केजरीवाल महिलाओं को इतनी बड़ी रकम कैसे दे पाएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि वे लोगों को यह बताना चाहते हैं कि पंजाब का खजाना अकाली दल और भाजपा जैसे दलों ने मिलकर खाली किया है। उन्होंने कहा कि जब वे सत्ता में आएंगे तो सभी तरह के भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर पैसा इकट्ठा करेंगे और उसे महिलाओं को देंगे। उन्होंने कहा कि यदि वे महिलाओं के हित के लिए हर महीने ₹1000 की मदद देना चाहते हैं तो इससे किसी को क्या परेशानी है।
इस बार पंजाब के चुनाव में आम आदमी पार्टी को एक मजबूत प्रतिद्वंदी के रूप में देखा जा रहा है। जबसे अरविंद केजरीवाल ने 300 यूनिट बिजली और युवाओं के लिए 3000 रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की है, माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी की राजनीतिक दावेदारी काफी मजबूत हुई है। महिलाओं को ₹1000 देने की घोषणा भी अरविंद केजरीवाल की बड़ी राजनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है जिसकी काट दूसरे दलों के पास दिखाई नहीं पड़ रही है।