तिगड़ी थाना पुलिस ने 60 वर्षीय महिला को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 36 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपी वृद्धा वर्ष 2006 से हेरोइन की सप्लाई कर रही है। आरोपी महिला के सभी पांच बेटे अपराध की दुनिया में है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार तिगड़ी थानाध्यक्ष सुनील कुमार को सूचना मिली थी कि एक बुजुर्ग महिला इलाके में हेरोइन की सप्लाई करती है। सूचना को सीनियर अफसरों को बताया गया। सीनियर अफसरों के आदेश के बाद तिगड़ी थानाध्यक्ष सुनील कुमार की देखरेख में एसआई सौरभ व हवलदार सुरेंद्र की देखरेख में गठित टीम ने बुजुर्ग महिला अनिसा अली पत्नी अली मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया।
महिला जेजे कैंप तिगड़ी में रहती है। महिला के कब्जे से 36 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा स्मैक बिक्री के 6130 रुपये भी बरामद किए गए। तिगड़ी थाना पुलिस के अनुसार अनिसा अली वर्ष 2006 से हेरोइन आदि मादक पदार्थों की सप्लाई कर रही है। वह तीन ग्राम हेरोइन 20 हजार में खरीदकर 40 हजार में बेचती थी।
आरोपी महिला का बेटा नूर मोहम्मद उर्फ एप्पल ड्रग्स लेने का आदि है। दूसरा बेटा जान मोहम्मद उर्फ डाबलू घोषित बदमाश है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामले दर्ज हैं। तीसरा बेटा शान मोहम्मद उर्फ शानू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है। चौथा बेटा अजरूद्दीन उर्फ मरिला को चार वर्ष पहले गोली लगी थी और अपाहिज है। पांचवां बेटा आमिर खान उर्फ भूरी घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है।