नई दिल्ली। दिल्ली के पांच तकनीकी विश्वविद्यालयों में बीटेक में दाखिले के लिए सोमवार को तीसरे चरण की घोषणा होगी। 22 से 27 नवंबर तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। इस राउंड में विद्यार्थियों के पास दाखिले के लिए सीमित अवसर है। ऐसे में प्रशासन की ओर से छात्रों को सलाह है कि यदि सीट मिल रही है तो छोड़ें नहीं।
ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग (जैक) के मुताबिक, बीटेक दाखिले के लिए छात्र 23 से 26 नवंबर शाम पांच बजे तक फीस जमा करा सकते हैं। फीस के तौर पर छात्रों को एक लाख 12 हजार रुपये का भुगतान करना होगा। छात्रों को 27 नवंबर शाम पांच बजे तक दस्तावेज को अपलोड करने के साथ दाखिला सुनिश्चित करना होगा। हालांकि, केवल उन्हीं छात्रों का दाखिला सुनिश्चित होगा जिन छात्रों ने फीस का भुगतान किया होगा। वहीं, जिन छात्रों को दाखिला वापिस लेना है वे 23 से 27 नवंबर रात 11 बजकर 59 मिनट तक ले सकते हैं। इस वर्ष छात्रों के पास दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वुमन, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी व इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफोर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी में दाखिले के लिए अवसर हैं। इस वर्ष नई यूनिवर्सिटी के तौर पर दिल्ली कौशल विश्वविद्यालय के जुड़ने की वजह से छात्रों के पास कुल 6372 सीटों पर दाखिले का मौका है।
चौथे चरण के लिए 29 नवंबर को कर सकेंगे पंजीकरण
तीसरे चरण के तहत दाखिला प्रक्रिया पूरी होेने के बाद चौथे चरण के लिए आगामी 29 नवंबर को पंजीकरण शुरू होगा। छात्र सुबह 10 बजे से लेकर रात 11 बजकर 59 मिनट तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, डिफेंस और कश्मीरी विस्थापित 30 नवंबर सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक अपने दस्तावेज का सत्यापित करा सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होेने के बाद एक दिसंबर शाम पांच बजे के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए तीन दिसंबर तक छात्रों को फीस का भुगतान कर दाखिला सुनिश्चित करना होगा।
26 नवंबर को होगा बीऑर्क का स्पॉट राउंड
जैक दिल्ली के तहत पहली व दूसरी कटऑफ मेें बीआर्क पाठ्यक्रम से चूके छात्रों के पास दाखिले के अवसर बचे हुए हैं। ऐसे छात्रों के लिए जैक की ओर से आगामी 26 नवंबर को स्पॉट राउंड का आयोजन होगा। इस राउंड के तहत उन छात्रों को ही दाखिले का अवसर मिलेगा जिन्हें पूर्व में किसी भी राउंड में दाखिला नहीं मिला है। जैक दिल्ली के तहत बीआर्क के लिए इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वुमेन और नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में ही दाखिले के अवसर होते हैं।