दिल्ली में कोरोना के खिलाफ युद्ध की तैयारी चल रही है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए अस्पतालों में कोविड बेडों की संख्या बढ़ाई जा रही है। साथ ही ऑक्सीजन समेत आवाश्यक दवाओं का उत्पादन भी बढ़ाया गया है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि 37 हजार कोविड बेड्स स्थापित किए जा रहे हैं, जिसमें से 12 हजार आईसीयू बेड्स शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऑक्सीजन क्षमता और आवश्यक दवाओं का उत्पादन भी बढ़ाया गया है।
वहीं, राजधानी में मंगलावर को कोरोना के 39 संक्रमित मिले और एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। इस दिन 114 संक्रमित स्वस्थ हुए। संक्रमितों के आंकड़े में मंडोली जेल प्रशासन की ओर से पिछले कुछ सप्ताह के 112 मरीजों की जानकारी सोमवार को आईसीएमआर पोर्टल पर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 14,37,485 हो गई है, जिनमें से 14,11,995 स्वस्थ हो चुके हैं। कुल मौत का आंकड़ा 25,079 है। फिलहाल 411 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 106 अपने घरों में आइसोलेशन में हैं। अस्पतालों में 264 मरीज भर्ती हैं। कोविड केयर केंद्रों में 2 रोगियों का इलाज चल रहा है। कंटेनमेंट जोन 220 है।
दिल्ली में कुल मृत्युदर 1.74 फीसदी है और संक्रमण दर 5.70 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कुल 64,810 टेस्ट किए गए हैं। इनमें 42,085 आरटी-पीसीआर से और 22,725 एंटीजन से हुए हैं। संक्रमण दर 0.06 फीसदी रही।
1,43,264 लोगों को वैक्सीन
पिछले 24 घंटे में 1,43,264 वैक्सीन लगाई गई। अबतक कुल एक करोड़ 24 लाख खुराक लगाई गई है।