दिल्ली के छावला इलाके में लड़की से दोस्ती को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई। जलते हुए युवक ने एक आरोपी को दबोच लिया। इससे दोनों झुलस गए।
दोनों को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित युवक के बयान पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घायल युवक की पहचान कश्मीरी कॉलोनी, प्रेम नगर निवासी दीपांशु (23), जबकि झुलसे आरोपी की पहचान खैरा गांव निवासी टीटू के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिली कि गैस गोदाम के पास एक लड़के पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन में पता चला कि घटना में दो युवक दीपांशु और टीटू झुलसे हैं। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि दोनों को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां जाने पर डॉक्टरों ने पीड़ितों को बयान देने के स्थिति में होने की बात बताई। दीपांशु ने आरोप लगाया कि टीटू और उसके परिचित कालू ने आग लगाई है।