मुरादनगर में उधार दिलाए सात लाख रुपये समय से न मिलने से परेशान महिला ने एसिड पीकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भिक्कनपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी सूरजवती (51), बेटा धीरेंद्र चौधरी, पुत्रवधु व बेटे के बच्चे हैं।
धीरेंद्र चौधरी ने बताया कि उनकी मां सूरजवती ने छह साल पहले पड़ोस में रहने वाले एक दंपत्ति को सात लाख रुपये गांव के एक व्यक्ति से अपनी गारंटी पर उधार दिलाए थे। रुपये समयनुसार न लौटाने पर बार बार तकादा करने का दंपत्ति पर कोई असर नहीं हो रहा था। जिस व्यक्ति से रुपये दिलाए थे, वह बार बार सूरजवती पर तकादा कर रहा था। इसके कारण सूरजवती परेशान चल रही थी। शनिवार रात जिन्हें रुपये दिलाए थे, वह दंपत्ति सूरजवती के पास आये, दंपत्ति ने उनसे ओर रुपये उधार की मांग की।
इस बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। रविवार सुबह सूरजवती सोकर उठी और पूजा पाठ की। करीब नौ बजे ऊपर कमरे में चली गई। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर बेटा धीरेंद्र कमरे में गया अपनी मां को आवाज लगाई। आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने उसे तोड़ दिया। देखा उसकी मां बेसुध पड़ी है। स्थानीय अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया, हालत गंभीर होने पर गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दोपहर करीब तीन बजे उपचार के दौरान सूरजवती की मौत हो गई। धीरेंद्र ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। धीरेंद्र ने बताया कि उसकी मां ने टॉयलेट एसिड पी लिया था। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है, पुलिस मामले की जांच कर रही है, तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।