उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं ने मैदानी क्षेत्रों में भी सिहरन बढ़ा दी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सुबह-शाम तापमान में गिरावट के साथ हल्का कोहरा दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी तथा सर्दी का असर तेजी से बढ़ेगा।
नवंबर मध्य तक 10 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, पोस्ट-मानसून सीजन (1 अक्तूबर से 6 नवंबर) के दौरान हिमाचल प्रदेश में 69.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 140 प्रतिशत अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम बना रहा, तो नवंबर के मध्य तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है।
अगले 36 घंटे मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 36 घंटे देश के कई हिस्सों में मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहेंगे। उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता के कारण दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बादलों की गरज, बिजली गिरने और झमाझम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। 7 से 8 नवंबर के दौरान तमिलनाडु में और 8 से 10 नवंबर के दौरान केरल में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।