उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी सीधी भर्ती-2023 की परीक्षा देने आए दूसरे राज्यों के परीक्षार्थियों का ट्रेनों से सफर तकलीफ से भरा रहा। बिहार के मुजफ्फरपुर सहित अन्य शहरों से आए परीक्षार्थियों ने बताया उन्हे आरक्षित बोगी से निकाल दिया गया। जनरल बोगी में भीड़ के बीच खड़े-खड़े एक हजार किमी तक का सफर तय कर वह परीक्षा देने पहुंचे।
जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को पुलिस भर्ती परीक्षा- 2023 की पहली पाली में परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई और 12 बजे समाप्त हुई। परीक्षा में कुल 4184 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 3232 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। इस तरह 43.58 फीसदी परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। दूसरी शिफ्ट दोपहर तीन बजे शुरू हुई। पांच बजे समाप्त हुई। इसमें 4344 परीक्षार्थी हाजिर हुए जबकि 3072 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह 41.42 फीसदी परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सेक्टर-46 स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षार्थियों ने कहा, प्रवेश पत्र तीन दिन पहले मिलने की वजह से वह ट्रेनों में आरक्षण नहीं करवा पाए। ऐसे में बड़ी मुश्किल से जनरल बोगी में सफर तय कर यहां पहुंचे। बसों में भी यही हाल रहा।
बोले परीक्षार्थी
एक बार आरक्षित बोगी में चढ़े। निवेदन किया लेकिन टीटी ने अगले ही स्टेशन पर उतार दिया। - सानू, मुजफ्फरपुर, बिहार
सामान्य बोगी में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। पूरा सफर यातना में गुजरा। - अनुराग, मुजफ्फरपुर, बिहार
सुबह की बस से यहां तक पहुंची हूं। बस में किराया तो नहीं लगा लेकिन भीड़ के चलते बुरा हाल था। रजनी, अलीगढ़
अगर पहले ही प्रवेश पत्र दे दिया होता तो ट्रेन में रिजर्वेशन की सुविधा हो सकती थी। अंकित, बिहार