साइबर सिटी गुरुग्राम में सोमवार को होने वाले अमर उजाला के वैचारिक संवाद कार्यक्रम में देश की जानी मानी शख्सियतों, नीति नियंताओं, विचारकों और विशेषज्ञों के विचार जानने और उनसे रूबरू होने का मौका मिलेगा। अमर उजाला संवाद में खेल और फिल्म जगत की हस्तियों से लेकर राजनीति के पुरोधा जुटेंगे। सुबह नौ बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में खेल, फिल्म, पर्यटन, उद्योग, कला, संस्कृति, विकास जैसे मुद्दों पर मंथन होगा।
दो सितंबर को होटल क्राउन प्लाजा में संवाद का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग, जहाजरानी, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी इसमें शामिल होंगे। दिनभर चलने वाले इस कार्यक्रम में राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र होंगे। खेल जगत से पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग हरियाणा में खेलों में भविष्य की संभावनाओं पर बातचीत करेंगे।
साथ ही मशहूर फिल्म अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत भी फिल्म क्षेत्र की संभावनाओं पर राय रखेंगी। मोटिवेशनल स्पीकर सिस्टर शिवानी और आध्यात्मिक गुरु नित्यानंद चरणदास भाग-दौड़ भरी जिंदगी में मन की शांति के सूत्र बताएंगे। इसके अलावा सुपर-30 के आनंद कुमार शिक्षा क्षेत्र पर चर्चा करेंगे। वहीं, मिमिक्री आर्टिस्ट सुमेध शिंदे कार्यक्रम में दर्शकों को गुदगुदाएंगे।
पंजीकरण के लिए स्कैन करें क्यूआर कोड
संवाद कार्यक्रम में अगर आप भी शामिल होना चाहते हैं तो दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके पंजीकरण करा सकते हैं।
संवाद कार्यक्रम का विवरण
दिवस एवं समय: सोमवार, दो सितंबर, सुबह 8:30 बजे से पंजीकरण।
कार्यक्रम स्थल: होटल क्राउन प्लाजा, गुरुग्राम।