नोएडा में हूटर और सायरन लगाकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहन एक बार फिर से पुलिस की आंखों की किरकिरी बन गए हैं। कानून व्यवस्था के लिए खतरा बने ऐसे वाहनों के खिलाफ शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रसूखदार भी ट्रैफिक पुलिस के निशाने पर रहे। महंगी गाड़ियों रोककर उनमें लगे हूटर-सायरन मौके पर ही तोड़ दिए गए।
प्रतिबंध होने के बावजूद रसूखदार लोग खुलेआम वाहनों में हूटर-सायरन लगाकर घूम रहे हैं, लेकिन सड़कों पर तैनात रहने वाली पुलिस ऐसे वाहनों को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाती। आखिरकार इस मामले में यातायात निदेशालय ने सख्ती दिखाई तो ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों को खुद सड़क पर चेकिंग की कमान संभालनी पड़ी।
सेक्टर 37 चौराहे पर एसपी ट्रैफिक सुनीता सिंह, सीओ ट्रैफिक अनिल कुमार और ट्रैफिक इंस्पेक्टर धर्मेंद्र यादव ने महंगी गाड़ियों को रोककर जांच की।
घंटेभर चली चेकिंग के दौरान रोके गए अधिकांश वाहनों में हूटर-सायरन और प्रेशर हॉर्न लगे थे। इसके अलावा शीशों पर काली फिल्म चढ़ी मिली। नियमों का उल्लंघन करने में नेताजी सबसे आगे दिखे।
चेकिंग के लिए रोके जाने पर रसूखदारों ने पुलिस पर रौब झाड़ने की तमाम कोशिशें की, लेकिन सभी नाकाम रहीं। विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 192 चालान काटे और 14 वाहनों को सीज कर थाने पहुंचा दिया।
शीशों पर न लगाएं फिल्म
गर्मी से बचने के लिए वाहनों के शीशों पर फिल्म लगाई जा रही हैं, लेकिन ऐसे वाहन भी पुलिस के टारगेट पर हैं। ट्रैफिक पुलिस ने किसी भी तरह की फिल्म शीशों पर न लगाने की सख्त हिदायतें वाहन चालकों को दी हैं।
एसपी ट्रैफिक सुनीता सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस नियम तोड़ने वाले हर वाहन चालक से सख्ती से निपट रही है। जो कोई नियम तोड़ते पकड़ा जा रहा है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। भले ही वो वीआईपी क्यों न हो।
नियमों पर दें ध्यान
वाहनों में प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 190(2) के अंतर्गत कार्रवाई का प्रावधान है। इसके लिए 1000 रुपये तक का चालान काटने का प्रावधान है।
सेंट्रल मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 100(2) के अंतर्गत वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाना अपराध है। इसके लिए भी अलग-अलग जुर्माना राशि का प्रावधान है।
किसके कितने कटे चालान हूटर-सायरन 12 काली फिल्म 25 प्रेशर हॉर्न 10 सीट बेल्ट 28 नो पार्किंग 71 बिना हेलमेट 32 अन्य 14