दिल्ली में एक 13 वर्षीय किशोर खेलते-खेलते थककर एक ट्रक के नीचे सो गया। सुबह चालक ने ट्रक स्टार्ट कर आगे-पीछे करना शुरू किया तो किशोर उसकी चपेट में आ गया। ट्रक का पहिया किशोर के सिर पर चढ़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त रवि (13) के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर सब्जी मंडी मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां खड़े होने वाले ट्रकों का पता कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बिहार बेगू सराय का रहने वाला रवि अपने परिवार के साथ गीता कॉलोनी 9- ब्लॉक में रहता था। इसके परिवार में पिता कमलेश्री सहानी, मां अनीता व भाई-बहन हैं। रवि के पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं। पिछले कुछ दिनों से अनीता परिवार को लेकर बिहार गई हुई हैं। यहां कमलेश्री के साथ छोटा बेटा रवि और राजा दिल्ली में ही रुके हुए थे। रविवार शाम को रवि खेलने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।