उत्तर रेलवे और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी)की संयुक्त पहल के तहत स्काईवॉक का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. मंगू सिंह ने अधिकारियों के साथ स्काईवॉक के निर्माण कार्यों का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन(अजमेरी गेट) से मेट्रो सहित तमाम परिवहन विकल्पों को अपनाना आसान हो जाएगा। अब यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के बाद बस या मेट्रो में सफर के लिए पैदल सड़क पार नहीं करना होगा। एयरपोर्ट एक्सप्रेस और येलो लाइन मेट्रो स्टेशन के लिए भी यात्रियों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
विज्ञापन
मल्टीलेवल पार्किंग साइड तक भी पहुंचना बेहद आसान
नवनिर्मित स्काईवॉक रेलवे स्टेशन के अंदर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का विस्तार है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन(अजमेरी गेट की तरफ) को मेट्रो की येलो लाइन और एयरपोर्ट लाइन के साथ जोड़ता है। स्काईवॉक के जरिये यात्रियों को भवभूति मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग साइड तक भी पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। स्काईवॉक से वाहनों की आवाजाही में भी अब परेशानी नहीं होगी। स्काईवॉक में सीसीटीवी कैमरे, शौचालय सहित छह एस्कलेटर भी होंगे। साथ ही टिकटिंग काउंटर, साइनेज और एक डीएमएक्स से नियंत्रित लाइट की भी सुविधा होगी। खूबसूरती से डिजाइन किए गए स्काईवॉक में आगरा स्टोन क्लैडिंग सहित जंतर मंतर की याद ताजा करने वाले एस्केलेटर और सीढ़ियां हैं। स्काईवॉक की लंबाई करीब 242 मीटर है।
रेलवे, मेट्रो और बसों में सफर करने वालों को काफी राहत मिलेगी
डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक(कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन)अनुज दयाल ने कहना है कि ट्रैफिक के लिहाज से बेहद व्यस्त क्षेत्र होने की वजह से अनोखे स्काईवॉक का निर्माण एक चुनौती थी। कोविड-19 महामारी के कारण पैदा हुए हालात भी शामिल थे। इस संरचना को भवभूति मार्ग पर वाहनों की आवाजाही वाली जगह से तीन मीटर नीचे के मेट्रो स्टेशन के उपर बनाया जाना था। इसके तैयार होने से रेलवे, मेट्रो और बसों में सफर करने वालों को काफी राहत मिलेगी।