रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ज्योति नगर निवासी मुकुल से छह लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र देकर मुकुल को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन बुलाया। शक होने पर मुकुल ने एक आरोपी अर्जुन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर मुख्य आरोपी रिंकू व बाकी साथियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, निजी कंपनी में काम करने वाले मुकुल ने बताया कि दो साल से उसकी रिंकू से पहचान थी। मार्च में रिंकू ने उसे बताया कि वह रेलवे में सरकारी नौकरी लगवा सकता है। मुकुल ने अपनी और भाई व साले की नौकरी लगवाने की बात कही तो रिंकू ने 12 लाख रुपये में तीनों की नौकरी लगवाने का सौदा किया। इसके बाद रिंकू ने मुकुल को आशीष से मिलवाया। आशीष ने दिल्ली सचिवालय के पास बुलाया और कागजात लेने के बाद कहा कि उसके पास एक ईमेल आएगा।
कुछ ही दिनों बाद एक ईमेल मुकुल के पास आया, जिसमें टीटीई के लिए चयन होने की बात कही गई थी। इसके बाद आरोपी ने मुकुल से छह लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद उसे ज्वाइनिंग के लिए निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन बुलाया गया। पिता के साथ मुकुल वहां पहुंचा। यहां उन्हें अर्जुन मिला। बातचीत में मुकुल को उस पर शक हुआ। इसके बाद रिंकू से बात की गई तो उसने मिलने के लिए ज्योति नगर बुलाया। मुकुल अर्जुन को लेकर वहां पहुंचा, लेकिन रिंकू वहां नहीं आया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अर्जुन को हिरासत में ले लिया है।