उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में सोमवार दोपहर एक शख्स ने भूमि के विवाद में अपने छोटे भाई पर गोलियां बरसाईं। जख्मी हालत में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसके हाथ और कनपटी के पास चार गोलियां लगी हैं। हमले के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जख्मी युवक के बड़े भाई अमित वर्मा (43) को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार अमित और सुमित का परिवार वेलकम इलाके में रहता है। वेलकम फोटो चौक पर सुमित कपड़े की दुकान चलाता है जबकि अमित इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाता है। सुमित अपने परिवार से अलग गाजियाबाद में प्रेमिका के साथ रहता है। एक प्रॉपर्टी को लेकर सुमित व अमित के बीच विवाद चल रहा था। दोनों भाईयों के बीच तनातनी रहती थी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अमित व सुमित अपनी-अपनी दुकानों पर मौजूद थे। अचानक अमित पिस्टल लेकर बाहर निकला और उसने सुमित पर गोलियां बरसा दीं। मौके पर भगदड़ मच गई। अमित भी वहां से फरार हो गया। पड़ोसी पहले सुमित को नजदीकी अस्पताल ले गए, बाद में उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में अमित ने बताया कि उसने भाई से परेशान होकर वारदात को अंजाम दिया। अमित का दावा है कि उसके छोटे भाई ने प्रेमिका की मदद से उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाया हुआ है। सुमित और उसकी प्रेमिका अब उसे जेल भिजवाने की धमकी दे रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।