गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव सादुल्लापुर लोधी में प्राचीन शिव मंदिर है। सोमवार की सुबह चार बजे बजे गांव का ही एक युवक मंदिर से शिव की पिंडी उखाड़ ले गया। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे तो शिवलिंग उखड़ा देखकर अचभिंत हो गए। उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिकर्मियों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कीं तो सुबह करीब चार बजे गांव का ही युवक शिवलिंग को उखाड़ कर ले जाता नजर आया।
इसे देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सीओ आशुतोष शिवम समेत पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। वहीं, शिवलिंग की स्थापना कराने का आश्वासन देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में शांति का माहौल बना हुआ है।