गुड़गांव में वेश्यावृति के धंधे में ईटीओ की पत्नी का नाम सामने आने के बाद पुलिस जांच करने से कतरा रही है। इस मामले में मामला दर्ज कर आरोपी को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। अब पुलिस को उसके आने का इंतजार है।
बता दें कि एमजी रोड स्थित डीटी सिटी सेंटर मॉल में अनंतरा नाम से स्पा सेंटर चल रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर यहां से पांच लड़कियों समेत एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि स्पा सेंटर की आड़ में काफी समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर ईटीओ की पत्नी के नाम पर है। इसकी जिम्मेदारी एक लड़की को मैनेजर बनाकर दे दी गई है। बुधवार को सेक्टर-29 थाना पुलिस ने महिला संचालिका के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा। लेकिन, चार दिन बीत जाने के बाद कोई जवाब नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि मामला बड़े स्तर का होने के चलते पुलिस कार्रवाई करने से डर रही है। उधर, सेक्टर-29 थाना प्रभारी का कहना है कि नोटिस के जवाब के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। कब तक की जाएगी, इस बारे में वह कुछ भी नहीं बोल रहे हैं।