पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीलन राम की पुत्रवधु और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की भाभी कमल कुमार ( 38) के घर से गहने चुराने वाले नौकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी मंटू यादव (26) के कब्जे से चोरी की हीरे की तीन अंगूठियां बरामद कर ली गई हैं। पुलिस के मुताबिक कमल कुमार ने मंटू यादव का सत्यापन नहीं कराया था। पुलिस आरोपी के कब्जे से घर से गायब गहने बरामद करने का प्रयास कर रही है।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि ग्रेटर कैलाश में रहने वाली कमल कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में नौकर मंटू यादव पर हीरे की पांच अंगूठियां, एक मोती की अंगूठी और सोने की चेन चुराने का आरोप लगाया गया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि पहली अगस्त को ही मंटू यादव को काम पर रखा गया था। वृद्धा के पास आरोपी का एक फोटो था। पुलिस टीम ने जांच के बाद पाया कि मंटू यादव नींव चौक गढ़ी में रहता है। पुलिस ने फोटो को लेकर करीब 100 लोगों से पूछताछ की। मंगलवार को पुलिस ने मंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया।