दिल्ली से सटे फरीदाबाद स्थित सराय टोल प्लाजा को डिजिटल कैशलेस बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अपने सभी टोल प्लाजा पर फास्ट टैग की सुविधा को अपग्रेड कर रहा है। सराय टोल प्लाजा पर भी काम शुरू हो चुका है। एक दिसंबर 2019 से एनएचएआई के टोल प्लाजा पर नकद भुगतान के बदले फास्ट टैग से ही टोल टैक्स का भुगतान करना होगा।
एनएचएआई सराय टोल प्लाजा के उप-महाप्रबंधक सचिन कुमार ने बताया कि 20 अगस्त को सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के साथ बैठक में यह निर्णय लिया गया था। एनएचएआई देश भर में अपने सभी टोल को अपग्रेड कर रहा है। दिल्ली से सटे इस टोल प्लाजा पर वाणिज्यिक वाहनों को आरएफआईडी टैग जारी करने के बाद अब निजी वाहनों के लिए भी इसे अनिवार्य कर दिया गया है।
बिना आरएफआईडी और फास्ट टैग के वाहन टोल पार नहीं कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सभी वाहन चालकों को आरएफआईडी टैग व फास्ट टैग लेना अनिवार्य कर दिया गया है। इसे हर माह रिचार्ज किया जाएगा। राजमार्ग के टोल प्लाजा से गुजरते समय यहां लगे सेंसर कैमरे टैग को स्कैन कर खाते से टोल टैक्स वसूल लेगा। किसी प्रकार की मदद के लिए एनएचएआई के टोल फ्री नंबर 1033 पर संपर्क किया जा सकता है।