सियाल-इंडिया इंटरनेशनल फूड एक्सपो
- फोटो : sialindia.com
प्रगति मैदान में बृहस्पतिवार से सियाल - इंडिया इंटरनेशनल खाद्य और पेय पदार्थ एक्सपो का आगाज हो रहा है। विभिन्न प्रकार के खाद्य और पेय पदार्थों के एक मेले में दर्शकों के लिए बहुत कुछ खास होगा। खाद्य पदार्थ प्रेमियों के लिए इस एक्सपो में दुनिया भर के 30 से ज्यादा देशों की कंपनियां शिरकत कर रही हैं।
प्रगति मैदान में इस वर्ष आयोजित हो रहे सियाल इंडिया 2019 खाद्य एवं पेय पदार्थ एक्सपो में मेघालय बतौर पार्टनर राज्य शामिल हो रहा है। इसलिए इस बार दर्शकों को खाद्य पदार्थों के इस मेले में नॉर्थ ईस्ट के व्यंजनों को भी चखने का मौका मिलेगा।
एक्सपो में जहां 30 से ज्यादा देशों की खाद्य और पेय पदार्थ कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी, वहीं दर्शकों के लिए व्यंजनों की कुकिंग का लाइव प्रदर्शन भी होगा। इसके साथ ही लाइव कुकिंग प्रतियोगिताओं के आयोजन से एक्सपो को और भी मनोरंजक बनाया जाएगा।
इस बीच प्रतियोगिताओं के टॉप थ्री विजेताओं को जूरी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। एक्सपो 19 से 21 सितंबर तक चलेगा और प्रगति मैदान के हॉल नंबर 8, 9, 10 और 11 में इसका आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक होगा।