फाइनेंस कारोबारी को बंधक बनाकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के जनकपुरी निवासी फाइनेंस कारोबारी शशांक शर्मा को उनके पूर्व परिचितों ने बंधक लिया। इसके बाद छह करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। कारोबारी की शिकायत पर नंदग्राम थाना पुलिस ने वासू त्यागी निवासी मल्लीपुरा, प्रवीण हर्षित और पांच अज्ञात के खिलाफ रंगदारी, मारपीट, बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शशांक शर्मा ने बताया कि उन्होंने सहारनपुर में कपड़े की मेन्युफक्चरिंग का काम किया था। उस वक्त उनका परिचय मल्लीपुरा के वासू त्यागी से हो गया था। इसके बाद वह उनके पास आने-जाने लगा। पिछले दिनों उसने नया कारोबार शुरू करने का उनके सामने प्रस्ताव रखा। आरोपी की बातों में आकर वह इसके लिए तैयार हो गए, लेकिन बाद में उसके रवैये को देखते हुए उन्होंने कारोबार करने से मना कर दिया।
आरोप है कि वासू ने विश्वास में लेकर 14 अक्तूबर को उनको फोन कर अपने पास बुला लिया। भेजी गई लोकेशन के हिसाब से वह राजनगर एक्सटेंशन की ज्योति सुपर विलेज स्थित फ्लैट पर पहुंचे तो वहां वासू त्यागी अपने साथियों के साथ उनको मिला। वासू व उसके साथियों ने मिलकर उनके मुंह पर कपड़ा बांध दिया और हाथों को बेल्ट से बांध दिया। आरोपियों ने चार घंटे तक उनको प्रताड़ित किया। धमकी दी कि वह तुरंत छह करोड़ का इंतजाम करें अन्यथा उनको गोली मार दी जाएगी। वासू ने उसके बच्चों को अपहरण करने धमकी दी। उसने किसी तरह मान-मनौव्वल की और अपने परिचितों से व्यवस्था कराकर उसको पौने तीन करोड़ रुपये रात में ही दिलवा दिए।
आरोपियों ने धमकी दी कि शेष बची सवा तीन करोड़ की रकम उनको दो-तीन दिन के अंदर नहीं दी तो वह उसको परिवार सहित मार देगा। आरोपी ने अपने आपराधिक इतिहास का हवाला भी दिया। किसी तरह चंगुल से छूटकर शशांक शर्मा ने मामले की जानकारी नंदग्राम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसीपी रवि कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। कारोबारी से घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ हुई है। सोसाइटी व आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।