गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के छात्र मयंक (22) की हार्टअटैक से मौत हो गई। रविवार को हॉस्टल में ही तबीयत खराब होने पर मयंक अचानक जमीन पर गिर गया। उसे जिम्स ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दादरी कोतवाली में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रवीण पवार का बेटा मयंक बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र था। वह विवि परिसर में स्थित हॉस्टल में रहता था। सात जनवरी को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। साथी छात्रों ने इसकी जानकारी विवि प्रशासन को दी। छात्र को आननफानन में कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती कराया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना परिजनों को दी गई।
इकलौते बेटे की मौत से घर में मातम छा गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने हार्टअटैक से मौत की पुष्टि की है। मयंक की एक बहन है जिसकी कुछ वर्षपहले शादी हो चुकी है। आगामी 23 जनवरी को मयंक का जन्मदिन है। वह 23 वर्ष का हो जाता। परिजनों ने उसका जन्मदिन मनाने की तैयारी की थी। जीबीयू के छात्र मयंक की तबियत खराब होने के बाद उसे कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ले जाया गया। यहां पर हृदय रोग क लिए उपचार यूनिट ही नहीं है। यहां पर काॅर्डियोलोजी यूनिट स्थापित किए जाने की योजना है।