गणतंत्र दिवस के मद्देनजर नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में बाइक सवार बदमाशों ने संसद भवन के आसपास के इलाकों में झपटमारों ने ताबड़तोड़ चार वारदात कर पुलिस सुरक्षा की पोल खोल दी। बदमाशों ने करीब चार घंटे में झपटमारी की चार वारदातें कीं और आसानी से फरार हो गए। झपटमारी की एक वारदात तो संसद भवन से महज आधा किमी दूरी पर हुई। ऐसे में नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
नई दिल्ली जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने पहली वारदात बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित गुरुद्वारा बांग्ला साहिब के मुख्य गेट पर की। बाइक सवार यहां से एक व्यक्ति का मोबाइल झपटकर ले गए। इस व्यक्ति ने रात करीब साढ़े आठ बजे इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी।
बदमाशों ने दूसरी वारदात रात नौ बजे गोल डाकखाना के पास की। एलएनजेपी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात शीबा के गले से सोने की चैन व लॉकेट झपटमार खींच कर ले गए। वह पड़ोसी एस. राजन व उसकी पत्नी श्यामला के साथ गोल डाकखाना स्थित चर्च में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी।
जब वह चर्च के अंदर जा रही थीं, तभी बाइक पर दो लड़के वहां आए। बाइक पर पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और गले में पहनी सोने की चैन व उसमें पड़ा तीन तोले का लॉकेट खींचकर ले गया। शीबा ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।
बदमाशों ने तीसरी वारदात गोल मार्केट में बांग्ला स्वीट के पास की। यहां पर बाइक सवार बदमाश एक युवक का मोबाइल छीनकर ले गए। इस युवक ने भी पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। चौथी वारदात झंडेवाला के पास हुईं। शीबा की शिकायत पर मंदिर मार्ग थाने में मामला दर्ज किया गया है। बाकी लोगों ने भी शिकायत दर्ज कराई है। ऐसे में सवाल उठता है कि कैसे बाइक सवार बेरोकेटोक वारदात करते रहे और पुलिस सोती रही।