पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को ब्लॉक-तीन, कल्याणपुरी के नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ था। युवक का चेहरा बुरी तरह पत्थरों से कुचला गया था। मृतक के पास से उसकी पहचान का भी कोई कागजात बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे मोर्चरी में रखवा दिया। इस दौरान पुलिस को पता चला कि ब्लॉक-छह से नरेश नामक युवक गायब है। पुलिस ने परिवार को बुलाकर उसकी पहचान की तो मृतक की पहचान परिजनों ने कर ली। नरेश अपनी मां राजबाला, पत्नी व अन्य सदस्यों के साथ रहता था। वह प्राइवेट नौकरी करता था। पुलिस ने परिवार और लोकल इंटेलिजेंस से पता किया तो पता चला कि नरेश अपनी पत्नी के अलावा भी किसी अन्य लड़की से मिलता है।
आरोपियों ने शराब पीने के बहाने था बुलाया
छानबीन में पता चला कि हत्या में उसी लड़की का भाई व उसके दोस्त शामिल हैं। पुलिस ने छापेमारी कर पहले लड़की के भाई को दबोचा। उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली। बाद में उसके साथी शिवा को कभी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने बताया कि गुरुवार रात को उन्होंने शराब पीने के बहाने नरेश को बुलाया था। बाद में उसकी हत्या कर चेहरे को पत्थरों से कुचल दिया गया। बाद में नरेश की जेब से सारे कागजात निकालकर उसके शव को नाले में ठिकाने लगा दिया।