दिल्ली पुलिस ने एक गायब कुत्ते को 15 घंटे में खोज निकाला। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड को पकड़ा। गार्ड ने कुत्ते को दो हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने खरीदने वाले के पास कुत्ता बरामद कर लिया।
दिल्ली के सीआर पार्क में गायब हुए एक कुत्ते को पुलिस ने 15 घंटे में ढूंढ निकाला। शुक्रवार को कुत्ते की मालकिन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह रोते-रोते उसे ढूंढने की बात कर रही थी।
विज्ञापन
पुलिस ने इस संबंध में सिक्योरिटी गार्ड बवाना निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया है। उसने दो हजार रुपये में कुत्ता बेच दिया था। पुलिस करीब 150 सीसीटीवी की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, श्रुति द्विवेदी ज्योतिष हैं। शुक्रवार दोपहर को उन्होंने कुत्ते के गायब होने की शिकायत पुलिस को दी।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका कुत्ता घर के पास टहल रहा था। इस बीच कोई बाइक सवार उसे उठाकर ले गया। पुलिस ने सीसीटीवी की पड़ताल की तो आरोपी दिख गया। आरोपी इलाके की ही एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड था।
विज्ञापन
आरोपी को दबोचकर पुलिस कुत्ता खरीदने वाले तक पहुंच गई। अपना कुत्ता सकुशल पाकर श्रुति का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह थाने मिठाई लेकर पहुंच गई। उसने पुलिस कर्मियों को धन्यवाद किया।