समयपुर बादली में सिरसपुर फाटक के पास बदमाशों ने एक जापानी नागरिक से मारपीट कर उनसे लूटपाट की। बदमाश उनसे कैमरा, मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित गुरुग्राम स्थित जापान की एक लॉजिस्टिक सेवा कंपनी निप्पॉन एक्सप्रेस में काम करते हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए दो बदमाशों को पकड़ा है, जिसमें से एक नाबालिग है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से सारा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को सिरसपुर रेलवे फाटक के पास एक जापानी नागरिक के साथ लूटपाट की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़ित जापानी नागरिक ने बताया कि वह डीएलएफ गुरुग्राम हरियाणा में रहते हैं, मूलत: वह जापान के टोक्यो के रहने वाले हैं। वह गुरुग्राम में जापानी कंपनी निप्पॉन में काम करते हैं।
शनिवार सुबह सवा सात बजे वह दिल्ली से पानीपत रेलवे स्टेशन गए थे। वापसी में दोपहर करीब एक बजे वह खेड़ा कलां रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे और कुछ फोटो खींचे। इसके बाद वह पैदल ही बादली रेलवे स्टेशन की ओर जाने लगे। सिरसपुर रेलवे फाटक के पास पहुंचते ही पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। उसके बाद बदमाश उनका कैमरा, दो मोबाइल फोन और पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।
विदेशी नागरिक से लूटपाट किए जाने के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया और तुरंत थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की जांच पड़ताल की। इसमें दो बदमाश दिखे। पुलिस ने उनके भागने के दिशा में लगे कैमरों की जांच की। स्थानीय लोगों से दोनों बदमाशों में से एक की पहचान सिरसपुर गोल चक्कर निवासी राहुल के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर राहुल को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि सिरसपुर में रहने वाले एक नाबालिग के साथ मिलकर उसने वारदात को अंजाम दिया। उसे भी पुलिस ने राहुल की निशानदेही पर पकड़ लिया।