निवासियों ने बताया कि करीब एक माह से सोसाइटी में पानी की किल्लत है। कभी भी पानी खत्म हो जाता हैं। सोमवार को दिन में पानी खत्म हो गया। बिल्डर ने वॉल्व बदलने की बात कही थी, लेकिन शाम तक पानी नहीं आया। पानी के बारे में जानकारी लेने के लिए निवासी मेंटेनेंस ऑफिस पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। जिसके बाद निवासियों ने जमकर हंगामा किया और सोसाइटी के बाहर जाकर जाम लगा दिया।
करीब एक घंटे तक निवासियों ने जाम लगाए रखा। सूचना पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। आरोप है कि बिल्डर प्राधिकरण और प्राधिकरण बिल्डर पर जिम्मेदारी डाल रहा है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर समाधान नहीं हुआ तो फिर मुख्य सड़क पर जाम लगाया जाएगा। उधर गौड़ ग्रुप के मीडिया प्रभारी ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से की जा रही पानी की सप्लाई में ही प्रेशर कम है। जिसके चलते यह समस्या हो रही है। प्राधिकरण से बात कर इस समस्या का समाधान खोज रहे हैं। उन्होंने निवासियों से प्राधिकरण अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास करने की अपील की है।