दिल्ली पुलिस के सिपाहियों को कम मत समझना, क्योंकि उनके पास एमसीए, एमबीए और बीटेक से लेकर तमाम डिग्रियां हैं। झड़ौदा कलां स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में बुधवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया।
इस दौरान 25 महिलाओं समेत कुल 125 जवान दिल्ली पुलिस का हिस्सा बन गए। यानी अब वह आपकी सेवा में तत्पर हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से सिपाहियों की भर्ती के लिए 117वां पासिंग आउट परेड हुई। इस मौके पर दिल्ली पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ. ऋषिपाल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने सभी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर काम की सलाह दी। सिपाहियों की भर्ती अलग-अलग राज्यों से की गई है। इनमें आधे से ज्यादा जवान ग्रेजुएट या ऊपर की शिक्षा प्राप्त किए हुए हैं।
दिल्ली पुलिस अकादमी के डिप्टी डायरेक्टर सुबोध कुमार गोस्वामी ने बताया कि नए जवानों के बैच में 67 जवान ग्रेजुएट या उससे अधिक पढ़े हुए हैं। इनमें एक जवान एमसीए, दो एमबीए, एक एमएससी, एक एमकॉम, दो एमए, पांच बीटेक, तीन बीसीए, एक बीएचएम, तीन बीबीए, 13 बीएससी, 10 बीकॉम, 25 बीए और 58 जवान 12वीं कक्षा पास है। इनमें 35 जवान दिल्ली, 39 हरियाणा, 29 उत्तर प्रदेश, 12 राजस्थान, तीन उत्तराखंड, तीन हिमाचल प्रदेश, दो केरल और एक-एक झारखंड और मणिपुर से हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली। गोस्वामी ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान इन जवानों ने कानून, कंप्यूटर साइंस, मानव व्यवहार समेत दूसरी चीजों का ज्ञान लिया। पूरे ट्रेनिंग प्रोग्राम में आल राउंड बेस्ट की ट्रॉफी सिपाही सूरज और महिला सिपाही रितु को मिली।