वीडियो के साथ ही स्वाति मालीवाल ने लिखा है कि दिल्ली के सबसे विख्यात कॉलेज में से एक मिरांडा हाउस में चल रहे दिवाली मेले में लड़के दीवार फांदकर जबरदस्ती घुस रहे हैं। लड़कियों ने छेड़छाड़ और शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। हम दिल्ली पुलिस और कॉलेज प्रशासन को नोटिस भेज रहे हैं। उन्होंने सवाल किया है कि कैसे ये गुंडागर्दी हुई? क्या सुरक्षा प्रबंध किए?
हालांकि, बताया जा रहा है कि प्रशासन ने छात्रों को बाहर कर दिया। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत तो दर्ज नहीं कराई गई, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने कहा है कि घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो का जवाब दिया और कहा कि कुछ छात्र कॉलेज में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उन्हें रोक दिया गया।
बता दें कि मिरांडा हाउस में रविवार को दिवाली मेला चल रहा था। मेले में सिर्फ कॉलेज की छात्राओं को प्रवेश की अनुमति थी। आरोप है कि कुछ छात्रों ने कॉलेज की दीवार पर चढ़कर प्रवेश किया। हालांकि, प्रशासन की ओर से छात्रों को रोका गया। इसे लेकर किसी शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया, जोकि टि्वटर पर देखा गया। वहीं, कुछ छात्राओं ने भी टि्वटर के माध्यम से घटना को लेकर विरोध जताया।
दिल्ली पुलिस ने मामले पर स्वत: संज्ञान लिया, दर्ज की प्राथमिकी
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कॉलेज मिरांडा हाउस में कुछ छात्रों के दीवार फांदकर घुसने के मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि दीवार फांदकर कॉलेज मेंं घुसने वाले युवक कौन थे और उनका मकसद क्या था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रों के दीवार पर चढ़कर कॉलेज में घुसने की जानकारी प्राप्त हुई थी, लेकिन यह कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। अब सोश्ल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।