फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डोभाल के घर में जबरन घुसने का मामला: आरोपी की बात सुन हैरत में पड़ी पुलिस, कहा- शरीर में लगी है चिप और रिमोट...

Thu, 17 Feb 2022 01:00 AM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

आईबी की पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम शांतनु रेड्डी बताया। वह बेंगलुरु का रहने वाला है। उसने नोएडा से लाल रंग की एसयूवी किराये पर ली और सुबह 7:30 बजे डोभाल के घर पहुंच गया।
विज्ञापन
एनएसए अजीत डोभाल - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के नई दिल्ली स्थित आवास में बुधवार सुबह एक शख्स ने कार लेकर जबरन घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। बाद में मामले की सूचना दिल्ली पुलिस व अन्य खुफिया एजेंसियों को दी गई। स्पेशल सेल की टीम युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना के वक्त डोभाल घर पर मौजूद थे।

विज्ञापन


आईबी की पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम शांतनु रेड्डी बताया। वह बेंगलुरु का रहने वाला है। उसने नोएडा से लाल रंग की एसयूवी किराये पर ली और सुबह 7:30 बजे डोभाल के घर पहुंच गया। मेन गेट पर टक्कर मारी और जबरन घुसने की कोशिश की। डोभाल को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

गेट पर तैनात सीआईएसएफ कमांडो ने उसे दबोच लिया और स्पेशल सेल के हवाले कर दिया। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच के बाद ऐसा लग रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। दिल्ली पुलिस कर्नाटक पुलिस से संपर्क कर आरोपी और उसके परिवार का पता लगाने का प्रयास कर रही है। स्पेशल सेल के अलावा आईबी की टीम आरोपी से देर शाम तक पूछताछ करती रही।

विज्ञापन
विज्ञापन

पूछताछ में बताया- शरीर में लगी है चिप, रिमोट किसी और के पास

स्पेशल सेल की पूछताछ में शांतनु ने बताया कि उसके शरीर में चिप लगी है। उसका रिमोट किसी और के पास है। पुलिस ने जब इसकी जांच की तो ऐसी कोई चिप उसके शरीर में नहीं मिली। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में बैरेकेडिंग लगा दी और पहले से चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया। 

बार-बार बदलता रहा बयान 
छानबीन के बाद पता चला कि आरोपी जिस कार से डोभाल के आवास पहुंचा था, वह कार उसने नोएडा में किराए पर ली थी। आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा था। इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कर्नाटक से दिल्ली कब और कैसे आया। उसकी कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किस-किस के संपर्क में था।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। बता दें कि एनएसए अजीत डोभाल हमेशा ही आतंकियों की हिट लिस्ट में रहे हैं। पिछले साल जैश के आतंकी के पास उनके आवास की रेकी का एक वीडियो मिला था, जिसके बाद उनकी सुरक्षा को बढ़ाकर जेड-प्लस कर दिया गया था। उनके घर पर सीआईएसएफ के कमांडो तैनात रहते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें