रिल्स व वीडियो बनाने के चक्कर में युवा अपनी जान तक की परवाह नहीं करते। चलती कार से बाहर निकल कर स्टंट करते हैं। ऐसी हरकतें कर वह अपनी जान तो जोखिम में डालते ही हैं, बल्कि दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा बनते हैं। नोएडा की सड़कों पर आए दिन चलती गाड़ी से बाहर निकलकर स्टंट करने वालों के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। दो दिन में दूसरा ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक चलती गाड़ी से बाहर निकलकर हाथ हवा में लहरा रहा है।
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर कार में सवार युवक गाड़ी से सिर बाहर निकल कर स्टंट करते हुए कैमरे में कैद हुआ है। यह वीडियो उसके पीछे आ रही दूसरी गाड़ी में सवार ने बनाया है।
पुलिस ने सिखाया सबक
वहीं, यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नोएडा ट्रैफिक पुलिस सख्ती बरत रही है। पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए मोटा चालान काटती है। इस घटना में भी पुलिस ने वाहन चालक का 13000 रुपये का चालान काटा है। हालांकि पुलिस की सख्ती के बावजूद वाहन सवार अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
फॉर्च्यूनर पर बैठकर किया स्टंट
इस घटना से ठीक एक दिन पहले नोएडा के सेक्टर-125 में गाड़ी के ऊपर बैठकर खरतनाक स्टंट करते हुए एक युवक का वीडियो वायरल हुआ था। युवक चलती फॉर्च्यून की छत पर बैठकर स्टंट कर रहा था। सोशल मीडिया यूजर ने इस वीडियो को कमिश्नरेट व ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और वाहन का 33,500 रुपये का चालान काटा था। डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव का कहना है कि मामले में आरेापी के खिलाफ संबंधित थाने में शिकायत भी दर्ज कर उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।