नोएडा। एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम के दिन यानी 25 नवंबर को श्रमिक संगठनों ने हड़ताल की घोषणा की है। पुलिस-प्रशासन प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की योजना बना रहा है। वहीं, जिले के श्रमिक कस्बों और शहरों में जुलूस निकालेंगे। श्रमिक संगठन बाजारों को भी बंद कराने की बात कह रहे हैं।
श्रमिक नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि जिस तरह किसानों की मर्जी के बिना कृषि कानून लागू किए गए हैं। उसी तरह श्रमिकों पर भी चार लेबर कोड बनाकर लागू कर दिए गए हैं। दिल्ली में अकुशल हेल्पर को 15908 रुपये दिए जा रहे हैं, लेकिन यूपी में 9184 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अलावा अर्द्ध कुशल श्रमिक अथवा सहायक आपरेटरों को दिल्ली में 17537 रुपये मिलते हैं जबकि यूपी में 10102 रुपये ही दिए जा रहे है। कुशल कामगार को दिल्ली में 19221 रुपये दिए जा रहे हैं तो यूपी में 11316 रुपये ही मिलते हैं। इसके विरोध में केंद्र सरकार तक बात पहुंचाने के लिए 25 नवंबर को हड़ताल की जाएगी। इसमें बाजारों में काम करने वाले श्रमिकों से लेकर कंपनियों में काम करने वाले लोग शामिल होंगे। ये दिन इसलिए चुना गया, ताकि प्रधानमंत्री तक पहुंच सके।
यह हैं लेबर कोड
- उद्योगपतियों को मजदूरों को नौकरी से निकालने का अधिकार दिया गया है।
- पक्की नौकरी का विकल्प खत्म।
- निर्धारित समय के लिए ठेके पर मजदूरों को रखा जाएगा।
- मुकदमा लड़ने का अधिकार/हड़ताल करने व यूनियन बनाने की आजाद नहीं।