नोएडा। प्राधिकरण ने जल राजस्व का 16.77 करोड़ रुपये बकाया होने के कारण पांच बिल्डरों के खिलाफ रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी किया है। जिला प्रशासन बिल्डरों से वसूली कर प्राधिकरण को रकम देगा।
प्राधिकरण की सीईओ ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में जल राजस्व के बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में निर्धारित लक्ष्य 70 करोड़ के सापेक्ष 25 लाख रुपये से अधिक के ग्रुप हाउसिंग और औद्योगिक विभाग के बकायेदारों से 16.77 करोड़ रुपये वसूली के लिए आरसी जारी की गई है।
इनमें सेक्टर-34 व 74 के सुपरटेक लिमिटेड बिल्डर पर करीब 13 करोड़, सेक्टर-137 के एमपीजी रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड पर 1.4 करोड़, सेक्टर-75 के वैल्यूएंट इंफ्राडेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड 67.6 लाख, सेक्टर-137 के एम्पेरियल हाउसिंग वेंचर प्राइवेट लिमिटेड पर करीब एक करोड़ और सेक्टर-75 के एम्स मैक्स गार्डेनिया डेवलपर्स लिमिटेड पर करीब 73 लाख रुपये का बकाया है।