नूंह (अंतराम खटाना)। जिले में पिछले वर्ष अप्रैल से शुरू हुआ ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना के तहत अभी कार्य पूरे नहीं हुए हैं। इसे जून 2021 में पूरा करना था, लेकिन अब दिसंबर 2021 में इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत कार्य के पूरे नहीं होने पर 319 गांवों के ग्रामीणों को बिजली की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। पुरानी केबल और मीटर के कारण बार-बार बिजली की खराबी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली निगम द्वारा जिले के 43 फीडरों के 336 गांवों में इस योजना के तहत गांवों में कंडक्टर सिंगल कोर केबल लगाना, उपभोक्ताओं के मीटर को बहार पोल पर लगाने, खराब और पुराने मीटर बदलने का कार्य करना था, जोकि कोरोना संकट के कारण पूरा नहीं हो पाया है। वहीं, अधिकतर गांवों में जर्जर तारों के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। जिले में 15.68 करोड़ की लागत से ये काम होना है। अब निगम द्वारा इस योजना के तहत इस कार्य को आगामी दिसंबर माह में पूरे होने की उम्मीद है। ऐसा अधिकारी दावा कर रहे हैं। हालांकि, बिजली निगम ने जिले के 14 फीडरों के 17 गांवों में इस कार्य को पूरा कर लिया है। (संवाद)
इन फीडरों में अधूरा है कार्य
फिरोजपुर झिरका खंड के रावली, कोलगांव, रवा, हिरवाड़ी, दोरखी और माहोन फीडर शामिल हैं। इसी तरह पुन्हाना खंड के गुलालता, सिंगार, नहेदा, ढूंढलाका, जमालगढ़ दो, बिसरू, बिछौर, शाहचौखा, लुहिंगाकलां और झारपुड़ी के अलावा अन्य फीडर हैं।
प्रतिदिन 15 घंटे मिलेगा बिजली
इन फीडरों को निगम द्वारा प्रतिदिन 15 घंटे बिजली सप्लाई दी जाएगी। यदि गांवों का लाइनलॉस 20 फीसदी से कम हुआ तो 24 घंटे के हिसाब से निगम बिजली मुहैया करवाएगा। इसको लेकर बिजली निगम जिले में कार्य कर रहा है।
43 फीडरों के 336 गांवों में मिलेगा लाभ
इस योजना से जिले के 43 फीडरों में आने वाले 336 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। विभाग के इस कदम से जिले के अधिकतर गांव कवर हो जाएंगे। निगम के इन गांवों में योजना के पूरा होने पर अन्य गांवों में भी योजना के विस्तार पर कार्य करने की तैयारी है।
बिजली निगम की यह बड़ी योजना है। इसके पूरा होने से गांवों में बिजली संकट कम होगा। अब इस योजना के तहत आगामी दिसंबर माह तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
- केएस चौहान, कार्यकारी अभियंता बिजली निगम।
15.68 करोड़ की लागत से चल रही इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या खत्म हो जाएगी। हमारी कोशिश ग्रामीणों को अधिक से अधिक बिजली मुहैया कराने की है। इससे काफी हद तक लोगों की समस्याएं कम हो जाएंगी। - प्रमोद कुमार, एसडीओ नूंह बिजली निगम।