ग्रेटर नोएडा। वैवाहिक वेबसाइट पर फर्जी फोटो व प्रोफाइल के माध्यम से ठगने वाले नाईजीरियाई मूल के दो नागरिकों को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुणे पुलिस मंगलवार को ग्रेनो पहुंची और कासना थाना पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। आरोपियों पर पुणे की युवती से 12.5 लाख रुपये ठगने का आरोप है। कासना थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि पुणे जिले की साइबर अपराध शाखा के निरीक्षक अंकुश चिंतामन मंगलवार को थाने पहुंचे। उन्होंने जानकारी दी कि ग्रेनो की ओमीक्रॉन सोसाइटी में रहने वाले नाईजीरियाई मूल के दो नागरिकों ने उनके क्षेत्र की एक युवती को विदेशी युवक से शादी कराने का झांसा दिया और 12.5 लाख रुपये की ठगी कर ली। इसका केस पुणे में दर्ज है। इसके बाद कासना पुलिस की मदद से दबिश देकर आरोपी ओकोई वासिल तथा चींती बेरे नवोसू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ पुणे ले गई है। बता दें कि नाईजीरियाई ठग गिरोह पूर्व में भी इस तरह से कई हाईप्रोफाइल लोगों से ठगी कर चुका है। आरोपियों के गिरोह में कुछ भारतीय युवक-युवती भी शामिल रहते हैं।
सेक्टर-18 में युवती से सोने की चेन लूटी
बाइक सवार बदमाशों ने सेक्टर-18 मार्केट में युवती से दिनदहाड़े सोने की चेन लूट ली। मंगलवार दोपहर एक युवती चाइना कट के पास ई रिक्शा से उतरकर सेक्टर-18 की तरफ जाने लगी, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश गले से चेन झपटकर अट्टा पीर की तरफ भाग निकले। युवती के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने कुछ देर तक चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग सका। युवती ने घटना की शिकायत पुलिस से की है।
कंपनी से चोरी करने वाले दो गिरफ्तार
कोतवाली फेज टू पुलिस ने कंपनी में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के 50 ईयर फोन, 2500 रुपये व अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने सोमवार रात को बीपीएल कट के पास से प्रतापगढ़ निवासी आदर्श शुक्ला और छतरपुर मध्यप्रदेश निवासी राजेश को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने सितंबर में एक कंपनी में चोरी की थी।