ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर में शराब के ठेके में लूटपाट करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इनमें से दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने ठेके से लूटे गए 80 हजार रुपये, दो बाइक, मोबाइल, ठेके का बैग और दो तमंचे बरामद किए हैं।
एसीपी पीपी सिंह ने बताया कि घायल बदमाशों की पहचान अमरोहा निवासी योगेश और हापुड़ निवासी अमरीश के रूप में हुई है। अन्य दो बदमाशों की पहचान हापुड़ निवासी बृजेश और कपिल के रूप में हुई है। चारों बदमाशों ने 23 जनवरी को सूरजपुर में रात 10:30 बजे ठेके में घुसकर 1.30 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। शनिवार रात पुलिस देवला गांव के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने बदमाशों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने गोली चला दी।
130 मीटर रोड पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गए, जबकि दो बदमाश बाइक मौके पर छोड़कर भाग गए। दोनों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। बदमाश बृजेश एक साल पहले इसी ठेके पर सेल्समैन था, लेकिन किसी बात पर उसने नौकरी छोड़ दी थी। बृजेश ने ही ठेके पर लूट की साजिश रची थी।
कार सवार से एक लाख रुपये बरामद, जब्त
ईकोटेक वन थाना पुलिस व उड़नदस्ते ने कार सवार युवक से एक लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घोड़ी गांव निवासी विवेक रावल कार से रुपये लेकर जा रहा था। नकदी के संबंध में वह कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाया। ऐसे में रकम जब्त कर ली गई। ब्यूरो