तावडू/नूंह। शहर में दो अलग-अलग हादसों में दो बाइक सवारों की जान चली गई। पहले हादसे में सड़क पर पड़े मलबे के ढेर से बाइक सवार टकरा गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे हादसे में एक बाइक पर सवार तीन लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा एक
तावडू में नई अनाज मंडी के पीछे बाईपास मार्ग पर पड़े मलबे के ढेर में रविवार शाम एक मोटरसाइकिल टकरा गई। मौके पर मौजूद अजहरुद्दीन, इरफान, फजरी व अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यूसुफ निवासी रहाडी रविवार शाम को मोटरसाइकिल पर घर जा रहा था। बस स्टैंड के समीप उसकी मोटरसाइकिल मलबे ढेर में टकराकर अनियंत्रित होकर फिसल गई। यूसुफ उछलकर दूर जाकर गिरा और उसकी मौत हो गई। लोगों ने बताया कि मार्ग पर शहर से ट्रैक्टरों में भरकर मलबा डाला जा रहा है। आरोप है कि शहर में सफेद सीमेंट सामग्री से जुड़ा कारोबार करने वाले कारोबारियों ने मलबे को यहां पर फेंका है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण फरीदाबाद मंडल के कार्यकारी अभियंता संदीप ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में अभी आया है। वह मार्ग पर मलबा डालने वालों की पहचान कर उन्हें नोटिस देकर जवाब तलब करेंगे। वहीं शहर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। मृतक व्यक्ति का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
हादसा दो
रविवार देर शाम नूंह के गांव मालब के पास गुरुग्राम-अलवर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हो गए। शमीम पुत्र इरफान निवासी गांव घासेड़ा दो साथियों के साथ फिरोजपुर झिरका से गांव आ रहे थे। मेवात होटल के पास नागालैंड नंबर के एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। शमीम ने नलहड मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही दम तोड़ दिया। वहीं तारीफ व साजिद की गंभीर हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने नागालैंड नंबर के ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मामले के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस इस मामले को लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है।