नोएडा। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने राह चलते लोगों से मोबाइल व पर्स लूटने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नोएडा समेत एनसीआर के शहरों में 100 से अधिक वारदात अंजाम दी हैं। इनके पास से चार मोबाइल व तीन बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस इनके साथियों की तलाश कर रही है। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस की टीम ने मंगलवार रात को चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान विजय नगर निवासी अकरम अली और सदरपुर निवासी अश्विनी के रूप में हुई। आरोपी नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली से लेकर अन्य शहरों में लूटपाट व सोने की चेन झपटते हैं। खास तौर पर बदमाश महिलाओं से पर्स व मोबाइल लूटते हैं। इन बदमाशों ने ही दो दिन पहले सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन के पास से रश्मि से पचास हजार रुपये का मोबाइल लूट लिया था। गिरोह में अन्य बदमाश शामिल हैं जिसके बारे में पुलिस पता लगा रही है।