नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर रेस लगाने वाले बाइकर्स पर कार्रवाई करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रविवार तड़के अभियान चलाया। इसमें 37 बाइक सवारों को दिल्ली बार्डर से लौटा दिया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा वह इस तरफ रेस करने आए तो उनकी स्पोर्ट्स बाइक जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हर रविवार को दिल्ली के बाइकर्स महंगी और रेसिंग बाइक को लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर रेस लगाते हैं। इनमें युवतियां भी शामिल होती हैं। रविवार को बाइकर्स के रेस लगाने की सूचना ट्रैफिक पुलिस को मिली थी। डीसीपी ट्रैफिक ने शनिवार रात को ही चार टीएसआई को कालिंदी कुंज, डीएनडी बॉर्डर, चिल्ला बार्डर और जीरो प्वाइंट पर तैनात करने के निर्देश जारी किए थे। सुबह 6 बजे से चार टीम तैनात कर दी गई। जैसे-जैसे थोड़ी धूप निकलनी शुरू हुई तो बाइकर्स का नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ओर आना शुरू हो गया। तीनों बार्डर से 37 बाइक सवार युवकों को नोएडा प्रवेश करने के दौरान रोका गया। उनको वापस भेज दिया गया। पुलिस ने बाइक नंबर, बाइकर्स का नाम और पता लेकर चेतावनी दी। साथ ही स्पष्ट कहा गया कि दोबारा एक्सप्रेसवे पर रेसिंग के लिए पहुंचे तो उनके खिलाफ केस दर्ज करके बाइक जब्त कर ली जाएंगी।
हर रविवार को होगी जांच
हर रविवार को नोएडा-दिल्ली बार्डर पर ट्रैफिक पुलिस को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। रेस लगाने के लिए आने वाले बाइकर्स की जांच की जाएगी। जो बाइकर्स दोबारा आएगा उसकी बाइक जब्त करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - गणेश प्रसाद साहा, डीसीपी ट्रैफिक नोएडा।