पत्नी को जबरन ले जा रहा पति समेत तीन को पकड़ा
-चार साल पहले हुई थी कोर्ट मैरिज, वर्तमान में अलग रह रही थी पत्नी, पति समेत तीन पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोर्ट मैरिज के बाद अलग रह रही अध्यापक पत्नी को जबरन साथ ले जाने वाले पति समेत तीन आरोपियों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। शिकायत पर पति सहित तीन लोगों के खिलाफ थाना बादलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। अंकेश, हापुड़ के थाना सिंभावली निवासी शैंकी और हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर के गांव मुरादनगर पावटी निवासी अमित जाट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गाजियाबाद के थाना वेवसिटी में गांव इकला निवासी नेहा नागर ने 4 वर्ष पूर्व मेरठ के थाना किठौर में गांव इंदरपुर निवासी अंकेश भाटी के साथ कोर्ट मैरिज की थी। नेहा वर्तमान में पति के साथ नहीं रह रही थीं। नेहा करीब एक वर्ष से बादलपुर के गांव दुरियाई के हिंद स्वराज स्कूल में पढ़ाती हैं। पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह 7.15 बजे नेहा नागर स्कूल वैन में बच्चों के साथ गांव दुरियाई स्थित स्कूल आ रही थीं। रास्ते में कार सवार तीन लोगों ने स्कूल वैन को ओवर टेक कर रोक लिया। नेहा नागर को खींचकर अपनी गाड़ी में बैठाकर भागने लगे। तभी स्थानीय लोगों ने पीछा करना शुरू कर दिया तो कार असंतुलित होकर पलट गई। तीनों कार सवारों को पकड़ लिया गया।